UP Road Accident: 7 people of same family died in accident on Yamuna Expressway, CM Yogi expressed grief-यमुना एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटना में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत, सीएम योगी ने जताया शोक
UP Road Accident
Road Accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। थाना नौहझील इलाके में यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। ये हादसा थाना नौहझील इलाके के माइल स्टोन 68 पर हुआ। पुलिस मृतकों की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। जानकारी के अनुसार कार में नौ लोग सवार थे। मरने वालों में 3 महिलाएं, 3 पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं। ये हादसा आगरा से नोएडा जाते समय हुआ। टक्कर लगने के बाद अज्ञात वाहन मौके से गायब हो गया है।
कार में परिवार के 9 लोग सवार थे। ये सभी हरदोई के संडीला इलाके के रहने वाले थे और नोएडा के सदकपुर इलाके में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि ये सभी शादी में शामिल होने के लिए हरदोई आए थे, यहां से वापस जाते समय हादसा हुआ। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है। पुलिस को आशंका है कि झपकी आने की वजह से हादसा हुआ है। तेज रफ्तार से चल रही वैगन आर गाड़ी आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। पुलिस जब पहुंची तो मौके पर और कोई दूसरा वाहन नहीं था। हादसा नौहझील क्षेत्र में हुआ है। हादसे में कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को एक्सप्रेस-वे से हटवाया।
कार को कटर से काटकर घायलों को निकाला
पुलिस ने बताया कि सुबह एक वाहन चालक ने डायल-112 को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को क्षतिग्रस्त कार से निकाला। टक्कर में कार का अगला हिस्सा पिचक गया था। ऐसे में कटर से कार को काटकर घायलों को निकाला गया। इस मशक्कत में काफी देर तक घायल कार में ही फंसे रहे।
हादसे पर सीएम योगी ने जताया शोक
पुलिस सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां 7 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में 3 महिला, 3 पुरुष और 1 बच्चा है। मथुरा के इस दर्दनाक हादसे में सीएम योगी ने दुख जताया है। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।